नवीन शिक्षक संघ छ. ग. के सफल प्रयास से कर्मचारियों को मिली राहत समयमान व क्रमोन्नत वेतनमान विकल्प चयन के लिए अब 9 अगस्त तक मिला समय
रायपुर। नवीन शिक्षक संघ छत्तीसगढ़ के सतत प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। समयमान वेतनमान एवं क्रमोन्नत वेतनमान के विकल्प चयन को लेकर प्रदेश के कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है। अब कर्मचारियों को अपने विकल्प के चयन हेतु 9 अगस्त तक का अतिरिक्त समय प्रदान किया गया है। इस निर्णय से प्रदेश के हजारों शिक्षक एवं कर्मचारी वर्ग को अपने हित में उचित विकल्प चुनने के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा।
नवीन शिक्षक संघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष विकास सिंह राजपूत ने इस संबंध में कहा कि समयमान वेतनमान और क्रमोन्नत वेतनमान का विषय अत्यंत महत्वपूर्ण एवं दूरगामी प्रभाव वाला है। ऐसे में बिना स्पष्ट तुलनात्मक गणना और मार्गदर्शन के कर्मचारियों से विकल्प चयन कराना उचित नहीं था। संघ द्वारा लगातार इस विषय को गंभीरता से उठाया गया तथा शासन और विभागीय अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया गया।
प्रदेश अध्यक्ष विकास सिंह राजपूत ने वित्त विभाग एवं स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों से अपील की है कि वे शीघ्र ही समयमान वेतनमान एवं क्रमोन्नत वेतनमान का तुलनात्मक गणना चार्ट जारी करें, ताकि प्रदेश के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी यह समझ सकें कि उनके लिए कौन-सा विकल्प अधिक लाभकारी होगा। उन्होंने कहा कि यदि शासन स्पष्ट गणना चार्ट जारी कर देता है, तो कर्मचारी भ्रम की स्थिति से बाहर निकलकर 9 अगस्त तक अपने हित में बेहतर विकल्प का चयन कर सकेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि यह केवल विकल्प चयन की औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि कर्मचारियों के भविष्य, वेतन लाभ, सेवा लाभ तथा संभावित पेंशन संबंधी हितों से जुड़ा महत्वपूर्ण निर्णय है। इसलिए शासन को चाहिए कि वह कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द स्पष्ट दिशा-निर्देश और तुलनात्मक विवरण जारी करे।
नवीन शिक्षक संघ छत्तीसगढ़ ने इस निर्णय को कर्मचारियों की आवाज़ और संगठन की सतत पहल की सफलता बताते हुए कहा है कि संघ आगे भी शिक्षक एवं कर्मचारी हितों से जुड़े हर मुद्दे पर मजबूती से आवाज उठाता रहेगा।
No comments:
Post a Comment