Saturday, October 24, 2026

ग्रीष्मकालीन अवकाश में चुनाव, बीएलओ और सर्वे कार्य करने वाले शिक्षकों को मिले अर्जित अवकाश का लाभ



नवीन शिक्षक संघ की पहल पर जिला शिक्षा अधिकारी ने विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को जारी किए निर्देश, सेवा पुस्तिका में लाभ दर्ज करने की मांग तेज

दुर्ग - ग्रीष्मकालीन अवकाश एवं अन्य अवकाश के दिनों में लोकसभा चुनाव, बीएलओ ड्यूटी, विभिन्न प्रकार के सर्वेक्षण तथा अन्य शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कार्यों में सेवाएं देने वाले शिक्षकों को नियमानुसार अर्जित अवकाश का लाभ दिलाने की मांग को नवीन शिक्षक संघ छत्तीसगढ़ ने प्रमुखता से उठाया है। संघ की पहल पर जिला शिक्षा अधिकारी, दुर्ग द्वारा इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को पत्र जारी कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

नवीन शिक्षक संघ द्वारा शिक्षकों की इस समस्या को लेकर लगातार आवाज उठाई जा रही थी। संघ का कहना है कि शासन एवं विभागीय आदेशों के अनुसार अवकाश अवधि में अतिरिक्त कार्य करने वाले पात्र शिक्षकों को मिलने वाले लाभ उनकी सेवा पुस्तिका में समय पर दर्ज किए जाने चाहिए, ताकि उन्हें नियमानुसार मिलने वाले लाभ से वंचित न होना पड़े।

जिला शिक्षा अधिकारी, दुर्ग द्वारा 16 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र में शिक्षकों के विभिन्न सेवा संबंधी मामलों के निराकरण के लिए विकासखंड शिक्षा अधिकारियों एवं संबंधित प्राचार्यों को नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान अतिरिक्त कार्य करने वाले शिक्षकों के अर्जित अवकाश को सेवा पुस्तिका में दर्ज नहीं किए जाने के मामले में संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने हेतु भी पत्राचार किया गया है।

प्रदेश सचिव एवं जिला अध्यक्ष ने उठाया मुद्दा

नवीन शिक्षक संघ के प्रदेश सचिव गिरीश साहू एवं जिला अध्यक्ष संजीव मानिकपुरी ने शिक्षकों की इस समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि अवकाश अवधि में विभागीय दायित्वों का निर्वहन करने वाले शिक्षकों को उनके नियमानुसार देय लाभ मिलना चाहिए। इस संबंध में जारी आदेशों का जमीनी स्तर पर पालन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।

“शिक्षकों के अतिरिक्त कार्य का मिले नियमानुसार लाभ” — विकास सिंह राजपूत

नवीन शिक्षक संघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष विकास सिंह राजपूत ने कहा कि अवकाश के दिनों एवं ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान लोकसभा चुनाव, बीएलओ ड्यूटी, विभिन्न प्रकार के सर्वेक्षण सहित अन्य शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कार्य करने वाले पात्र शिक्षकों को नियमानुसार अर्जित अवकाश प्रदान किया जाना चाहिए। साथ ही, संबंधित विकासखंड शिक्षा कार्यालयों द्वारा शिक्षकों की सेवा पुस्तिका में इसकी प्रविष्टि समय पर सुनिश्चित की जानी चाहिए।

ब्लॉक अध्यक्ष धमधा संजय शर्मा, दुर्ग दीपक साहू व पाटन जागेश्वर चंद्राकर ने कहा क़ी शिक्षक अपनी नियमित शैक्षणिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ शासन के विभिन्न कार्यों का भी जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करते हैं। ऐसे में उनके अतिरिक्त कार्य का नियमानुसार लाभ मिलना और विभागीय अभिलेखों में उसका सही संधारण होना आवश्यक है।

नवीन शिक्षक संघ छत्तीसगढ़ ने मांग की है कि प्रदेश के सभी विकासखंड शिक्षा कार्यालयों में इस संबंध में जारी निर्देशों का प्रभावी पालन कराया जाए तथा पात्र शिक्षकों को अर्जित अवकाश का लाभ दिलाकर उनकी सेवा पुस्तिका में नियमानुसार प्रविष्टि सुनिश्चित की जाए। 

No comments:

Post a Comment