विभागीय TET व B.Ed. के लिए जल्द दिशा-निर्देश जारी करे सरकार
शिक्षक साझा मंच ने मुख्यमंत्री व शिक्षामंत्री से की मांग, दिशा-निर्देश जारी नहीं होने से शिक्षकों में बढ़ रही निराशा
रायपुर- छत्तीसगढ़ के शिक्षकों के लिए विभागीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) एवं विभागीय B.Ed. को लेकर जल्द दिशा-निर्देश जारी करने की मांग शिक्षक साझा मंच ने मुख्यमंत्री एवं शिक्षामंत्री से की है। मंच के प्रदेश संचालक रविंद्र राठौर, विकास सिंह राजपूत, प्रदीप पाण्डेय एवं लैलून भारद्वाज ने कहा कि मुख्यमंत्री एवं शिक्षामंत्री के साथ हुई चर्चा के बाद प्रदेशभर के शिक्षकों में विभागीय TET एवं B.Ed. को लेकर उम्मीद और उत्साह का माहौल बना था, लेकिन विभाग की ओर से अब तक स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी नहीं होने से शिक्षकों में निराशा बढ़ रही है।
प्रदेश संचालक विकास सिंह राजपूत ने कहा कि विभागीय TET के संबंध में मुख्यमंत्री एवं शिक्षामंत्री द्वारा जल्द पहल किए जाने की बात कही गई थी। वहीं विभागीय B.Ed. के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की अपेक्षा है, ताकि प्रदेश के ऐसे शिक्षकों को इसका लाभ मिल सके जो वर्तमान में TET अथवा B.Ed. की निर्धारित योग्यता से वंचित हैं।
उन्होंने कहा कि विभागीय TET को वर्ष में तीन बार आयोजित कराने की बात भी चर्चा के दौरान सामने आई थी। ऐसे में मुख्यमंत्री एवं शिक्षामंत्री की मंशा के अनुरूप स्कूल शिक्षा विभाग को बिना विलंब किए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करना चाहिए, जिससे शिक्षकों को आगे की तैयारी के लिए स्पष्टता मिल सके।
SCERT की बैठक में रखा गया विभागीय B.Ed. का प्रस्ताव
प्रदेश संचालक रविंद्र राठौर, प्रदीप पाण्डेय एवं लैलून भारद्वाज ने बताया कि SCERT की बैठक में शिक्षक साझा मंच की ओर से विभागीय B.Ed. को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव रखा गया था। मंच ने मांग की थी कि जो सहायक शिक्षक, शिक्षक एवं व्याख्याता B.Ed. प्रशिक्षित नहीं हैं, उनके लिए विभागीय स्तर पर B.Ed. प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाए।
मंच के अनुसार इसके लिए NCERT से आवश्यक अनुमति प्राप्त कर पंडित सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय के साथ-साथ प्रदेश के शासकीय एवं मान्यता प्राप्त निजी विश्वविद्यालयों में सीटों का आबंटन किया जा सकता है तथा शिक्षकों को ओपन एवं लचीली अध्ययन व्यवस्था के माध्यम से B.Ed. कराने की व्यवस्था बनाई जा सकती है।
शिक्षक साझा मंच ने कहा कि इससे कार्यरत शिक्षकों को अपनी सेवा प्रभावित किए बिना आवश्यक शैक्षणिक योग्यता प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और बड़ी संख्या में शिक्षकों को इसका लाभ मिल सकेगा।
सरकार की घोषणा पर अब विभागीय आदेश का इंतजार है
बसंत कौशिक, गिरीश साहू,मो. यासिर इरफ़ान ने कहा कि शिक्षकों में सरकार की पहल को लेकर सकारात्मक उम्मीद बनी है। अब आवश्यकता इस बात की है कि स्कूल शिक्षा विभाग मुख्यमंत्री एवं शिक्षामंत्री की मंशा के अनुरूप विभागीय TET और B.Ed. के संबंध में स्पष्ट, व्यावहारिक एवं शीघ्र दिशा-निर्देश जारी करे।
देवेंद्र हरमुख, अमितेश तिवारी, सिराज बख्श, दुष्यंत कुम्भकार, अश्वनी कुर्रे, अजय कड़व सहित शिक्षक साझा मंच के अन्य पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री एवं शिक्षामंत्री से मांग की है कि इस विषय में विभाग को तत्काल निर्देशित कर प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाए, ताकि प्रदेश के हजारों शिक्षकों को राहत मिल सके और विभागीय TET एवं B.Ed. की व्यवस्था को लेकर बनी असमंजस की स्थिति समाप्त हो।
No comments:
Post a Comment