Monday, August 17, 2026

बेमेतरा में पदोन्नत शिक्षकों से TET प्रमाण पत्र मांगने पर शिक्षक संगठनों का जोरदार प्रदर्शन, DEO कार्यालय का घेराव




बेमेतरा - पदोन्नत शिक्षकों से TET प्रमाण पत्र की जानकारी मांगे जाने के विरोध में सोमवार को बेमेतरा में शिक्षक संगठनों ने एकदिवसीय धरना प्रदर्शन एवं रैली निकालकर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय का घेराव किया। सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन, नवीन शिक्षक संघ छत्तीसगढ़ एवं सर्व शिक्षक संघ के संयुक्त आह्वान पर बड़ी संख्या में शिक्षक आंदोलन में शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने पदोन्नति प्रक्रिया में TET की अनिवार्यता को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया। शिक्षकों का कहना था कि जिन शिक्षकों की पदोन्नति पूर्व प्रचलित नियमों के आधार पर की गई है, उनसे पदोन्नति के बाद TET प्रमाण पत्र की जानकारी मांगना उचित नहीं है। इससे पदोन्नत शिक्षकों के बीच असमंजस एवं असुरक्षा की स्थिति निर्मित हो रही है।

“बीच खेल में नियम नहीं बदला जा सकता” — विकास सिंह राजपूत

नवीन शिक्षक संघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष विकास सिंह राजपूत ने कहा कि “बीच खेल में नियम नहीं बदला जा सकता।” उन्होंने कहा कि शिक्षक जिस नियम और प्रक्रिया के तहत सेवा में आए तथा जिन प्रचलित नियमों के आधार पर पदोन्नति की प्रक्रिया आगे बढ़ी, उसमें बीच में नई शर्त जोड़कर शिक्षकों को प्रभावित करना न्यायसंगत नहीं है।

उन्होंने कहा कि शिक्षक संगठनों की मांग स्पष्ट है कि पूर्व से सेवारत एवं पदोन्नत शिक्षकों के मामले में पूर्व प्रचलित सेवा नियमों का सम्मान किया जाए तथा पदोन्नति को TET की नई शर्त से प्रभावित न किया जाए। उन्होंने शासन एवं शिक्षा विभाग से मामले में तत्काल सकारात्मक निर्णय लेकर शिक्षकों की सेवा एवं पदोन्नति सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

रविंद्र राठौर ने किया प्राथमिक-माध्यमिक शिक्षकों से एकजुट होने का आह्वान

सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के अध्यक्ष रविंद्र राठौर ने प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षकों से एकजुट होकर “सेवा सुरक्षा, न्याय आंदोलन” में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि TET के विरोध में सभी शिक्षक अपना सहयोग प्रदान करें, ताकि किसी भी शिक्षक के साथ अन्याय न हो और सभी शिक्षकों को न्याय मिल सके।

उन्होंने कहा कि यह आंदोलन केवल किसी एक शिक्षक या एक वर्ग की समस्या नहीं है, बल्कि शिक्षकों की सेवा एवं पदोन्नति सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। इसलिए प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक एकजुट होकर आंदोलन को मजबूत करें।

रैली निकालकर DEO कार्यालय का घेराव

धरना प्रदर्शन के पश्चात शिक्षकों ने रैली निकालकर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर घेराव किया तथा अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने पदोन्नति में TET की अनिवार्यता का विरोध करते हुए पूर्व प्रचलित नियमों के अनुसार पदोन्नति प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

शिक्षक नेताओं ने कहा कि यदि शासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षकों की मांगों का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया, तो आंदोलन को आगामी चरणों में और व्यापक रूप दिया जाएगा। सेवा सुरक्षा, पदोन्नति सुरक्षा एवं न्याय की मांग को लेकर शिक्षक संगठनों ने एकजुट संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया धरना प्रदर्शन मे सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राठौर, नवीन शिक्षक संघ छ. ग. के प्रदेश अध्यक्ष विकास सिंह राजपूत, मनीष मिश्रा, बसंत कौशिक, कौशल अवस्थी, अश्वनी कुर्रे, देवेंद्र हरमुख, अशोक ध्रुवे, पोखन साहू, इरफ़ान जी, उमा जाटव,विजय डेहरे,सैबान बेग,टिकेंद्र राजपूत,सत्यनारायण वर्मा,दीपक राजपूत, दीपक साहू, सहित हजारों की संख्या मे शिक्षक धरना प्रदर्शन रैली मे शामिल होकर जिला शिक्षा कार्यालय का घेराव किये।

No comments:

Post a Comment