Wednesday, August 26, 2026

शिक्षक साझा मंच की रणनीति से TET, पदोन्नति और वेतन पर पहली बार सरकार का रुख स्पष्ट


सेवा सुरक्षा, पदोन्नति सुरक्षा और वेतन सुधार को लेकर मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री ने शिक्षक साझा मंच के प्रतिनिधिमंडल को दिया भरोसा

रायपुर - छत्तीसगढ़ के शिक्षकों की लंबित मांगों को लेकर नवीन शिक्षक संघ छत्तीसगढ़, छ. ग. सहायक शिक्षक समग्र फेडरेशन, सर्व शिक्षक संघ छ. ग. व सयुंक्त महासंघ की रणनीति और लगातार किए जा रहे प्रयासों के बीच पहली बार सरकार की ओर से TET, पदोन्नति और वेतन सुधार को लेकर स्पष्ट रुख सामने आया है। शिक्षक साझा मंच के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री से अलग-अलग मुलाकात कर शिक्षकों की प्रमुख समस्याओं और मांगों को विस्तार से रखा।

प्रतिनिधिमंडल से चर्चा के दौरान सरकार की ओर से वर्ष में तीन बार स्थानीय एजेंसी के माध्यम से विभागीय TET आयोजित करने के संबंध में सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया गया। इससे लंबे समय से TET के कारण सेवा सुरक्षा को लेकर चिंतित शिक्षकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

वहीं पदोन्नति के मुद्दे पर पूर्व प्रचलित नियमों के अनुसार प्रक्रिया शुरू करने को लेकर विधि एवं विधायी विभाग से चर्चा करने की बात कही गई। शिक्षकों ने स्पष्ट रूप से मांग रखी कि जिन शिक्षकों को पूर्व में निर्धारित नियमों के तहत पदोन्नति का अवसर मिलता रहा है, उन्हें वर्तमान में नए प्रावधानों के कारण पदोन्नति से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।

वेतन विसंगति पर भी जल्द होगी निर्णायक चर्चा

शिक्षकों की एक अन्य महत्वपूर्ण मांग वेतन सुधार एवं वेतन विसंगति दूर करने को लेकर भी सरकार ने सकारात्मक रुख दिखाया। मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री ने भरोसा दिलाया कि शिक्षक साझा मंच के साथ शीघ्र ही चर्चा कर पूरी गणना और तथ्यों के साथ वित्त मंत्री के समक्ष वेतन सुधार का विषय रखा जाएगा।

शिक्षक प्रतिनिधियों ने कहा कि वेतन विसंगति के कारण लंबे समय से शिक्षकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसलिए केवल आश्वासन नहीं, बल्कि गणना के आधार पर ठोस समाधान की आवश्यकता है।

दो प्रतिनिधिमंडलों ने की अलग-अलग मुलाकात

शिक्षक साझा मंच का प्रतिनिधिमंडल दो भागों में विभक्त होकर मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री से अलग-अलग मिला। एक प्रतिनिधिमंडल में रविंद्र राठौर, विकास सिंह राजपूत, प्रदीप पाण्डेय, बसंत कौशिक, गिरीश साहू, अजय कड़वा, देवेंद्र हरमुख, छन्नू लाल साहू, रामलाल साहू, कृष्णा वर्मा एवं अशोक ध्रुवे शामिल रहे।

वहीं दूसरे प्रतिनिधिमंडल में मनीष मिश्रा, अश्वनी कुर्रे, अजय गुप्ता सहित अन्य शिक्षक प्रतिनिधि शामिल रहे।

शिक्षकों में जगी उम्मीद

रविंद्र राठौर, विकास सिंह राजपूत व प्रदीप पाण्डेय ने कहा कि सेवा सुरक्षा, पदोन्नति सुरक्षा और वेतन सुधार तीनों विषय शिक्षकों के भविष्य से सीधे जुड़े हुए हैं। सरकार द्वारा इन मुद्दों पर सकारात्मक पहल और विभागीय स्तर पर चर्चा का भरोसा मिलना आंदोलन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

नवीन शिक्षक संघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष विकास सिंह राजपूत ने आगे

कहा कि शिक्षकों के अधिकारों और भविष्य की सुरक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा। लैलून भारद्वाज,कृष्ण कुमार नवरंग,भूपेंद्र बनाफर, चेतन बघेल सहित सयुंक्त महासंघ के अन्य शिक्षक नेताओं ने उम्मीद जताई कि सरकार अपने आश्वासन को शीघ्र ही ठोस निर्णय में परिवर्तित करेगी, जिससे प्रदेश के हजारों शिक्षकों को राहत मिल सके। 

No comments:

Post a Comment